कलयुगी पुत्र द्वारा माँ का कत्ल,हमीरपुर जिला के भोरंज थाना का मामला

हमीरपुर,

मंगलवार को थाना भोरंज, जिला हमीरपुर (हि.प्र.) में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु का मामला सामने आया। ग्राम बैलग स्थित एक मकान में श्रीमती सोमलता रक्तस्राव की अवस्था में अचेत पाई गईं। पुलिस मौके पर पहुँची और उन्हें तुरन्त अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल के निरीक्षण में पाया गया कि कमरे के सभी दरवाज़े भीतर से बंद थे और मृतका अकेली थी। मौके से संघर्ष के चिह्न, रक्तरंजित वस्त्र, चप्पलें और अन्य साक्ष्य बरामद हुए जिन्हें वैज्ञानिक ढंग से संकलित किया गया।
प्रारंभिक जांच में मृतका के पुत्र अभय ठाकुर पर संदेह गहराया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि जब उसकी माता भोजन कर रही थी, उसी समय किसी घरेलू बात को लेकर विवाद के दौरान क्रोधावेश में उसने अपनी माता के सिर पर विद्युत इस्तरी ( Iron press) से प्रहार किया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने और पुलिस व परिजनों को गुमराह करने का प्रयास किया।

मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के अंतर्गत दर्ज किया गया है। अभियुक्त पुलिस हिरासत में है और उसके खिलाफ गहन पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से संकलित सभी साक्ष्य सुरक्षित रखे गए हैं तथा वैज्ञानिक जांच की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधीक्षक, हमीरपुर ने बताया कि यह घटना अत्यंत गंभीर है और अभियुक्त के विरुद्ध ठोस साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच कार्यवाही प्रगति पर है और प्राप्त अद्यतन जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।