कर्नल श्रीधर राजन, एसपी बलवीर सिंह और अन्य अधिकारियों ने कैडेट्स को किया प्रेरित

हमीरपुर 09 जुलाई।

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के परिसर में आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की एयर विंग के दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-223) में वीरवार को सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कैडेट्स के साथ संवाद करके कैडेट्स को अनुशासन, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
1एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, कुल्लू द्वारा आयोजित किए जा रहे इस शिविर में वीरवार को थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने कैडेट्स को थल सेना में अधिकारी या सैनिक के रूप में भर्ती के अलग-अलग माध्यमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कैडेट्स को सशस्त्र सेनाओं में कॅरियर बनाने के लिए अपने आपको शारीरिक, मानसिक और अकादमिक रूप से तैयार रखने के लिए प्रेरित किया तथा जीवन में अनुशासन, ईमानदारी और लीडरशिप जैसे मूल्यों को अपनाने की अपील की। कर्नल श्रीधर राजन थल सेना की आर्टिलरी रेजिमेंट के अनुभवी अधिकारी हैं और उनका अभी तक लगभग 20 वर्षों का सेवाकाल बहुत ही सराहनीय रहा है।
कैडेट्स से संवाद के एक अन्य सत्र में हमीरपुर के एसपी बलवीर सिंह ने नशे की समस्या पर विस्तार से बात की। उन्होंने कैडेट्स को अनुशासित जीवन शैली अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे वे जीवन में कोई भी लक्ष्य हासिल करने में सक्षम होंगे। एसपी ने कहा कि आज के दौर में नशे की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। विशेषकर, युवा पीढ़ी इसकी चपेट में आ रही है। इसे रोकने के लिए हर युवा को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने यातायात के नियमों की अक्षरशः अनुपालना पर भी जोर दिया। एसपी ने कहा कि आज के दौर में साईबर अपराध भी बहुत बड़ी समस्या बनते जा रहे हैं। इसलिए, इंटरनेट और मोबाइल का उपयोग करते समय सभी लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।
सूबेदार मेजर संजय कुमार सिंह ने कैडेट्स के साथ अपने कई अनुभव साझा किए तथा अग्निवीर भर्ती की विस्तृत जानकारी दी।
इससे पहले, कैंप कमांडेंट एवं 1एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, कुल्लू के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने सभी अधिकारियों का स्वागत किया तथा दस दिवसीय कैंप के दौरान आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।