एसपी बलवीर सिंह ने किया इंटर कालेज खो-खो प्रतियोगिता का उदघाटन,खिलाड़ियों और अन्य विद्यार्थियों को चिट्टे का विरोध करने की शपथ भी दिलाई

हमीरपुर ।

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की पुरुषों की तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय खो-खो चैंपियनशिप सोमवार को यहां अणु स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय के मैदान में आरंभ हो गई। एसपी बलवीर सिंह ने इस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति और सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए एसपी ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ खेलकूद भी बहुत जरूरी होती हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है और वे नशे तथा अन्य बुराइयों से भी दूर रहते हैं। बलवीर सिंह ने खिलाड़ियों से कहा कि वे खेलोें को कॅरियर के रूप में भी अपना सकते हैं। खिलाड़ियों के लिए सरकारी क्षेत्र में भी रोजगार का प्रावधान किया गया है।
एसपी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चिट्टे जैसे खतरनाक नशीले पदार्थ से युवा पीढ़ी को बचाने के लिए विशेष अभियान आरंभ किया है। सभी युवाओं को इस अभियान में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों और अन्य सभी लोगों को चिट्टे का विरोध करने की शपथ भी दिलाईं।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. सतीश सोनी ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत का प्राचीन खेल खो-खो अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अलग पहचान बना चुका है। हाल ही में इसकी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है, जिसमें भारतीय टीम चैंपियन बनी थी।
उदघाटन समारोह में धनेटा कालेज के प्रधानाचार्य जीसी राणा, आयोजन समिति की सचिव डॉ. मंजुला शर्मा, समन्वयक डॉ. पवन कुमार शर्मा, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी, मेजबान कालेज के पहले बैच के विद्यार्थी रहे कर्नल एडी शर्मा, पीटीए अध्यक्ष अजय पटियाल और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।