एपीएमसी ने 2025-26 के लिए प्रस्तावित किया 4.51 करोड़ का आय-व्यय

हमीरपुर।

कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) की त्रैमासिक बैठक वीरवार को दोसड़का स्थित समिति के कार्यालय परिसर में अजय शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में समिति के सदस्यों ने जुलाई 2024 से दिसंबर 2024 तक की छमाही में प्राप्त 1,10,21,123 रुपये की आय और 71,89,554 रुपये के व्यय का अनुमोदन किया। इसके अलावा अगले वित्त वर्ष 2025-26 के लिए लगभग 2,25,95,500 रुपये की आय और 2,25,84,200 रुपये का व्यय प्रस्तावित किया।
समिति ने उप सब्जी मंडी जाहू में खाली पड़ी दुकानों, गोदाम और सामुदायिक भवन को अतिशीघ्र आवंटित करने का निर्णय लिया। उप सब्जी मंडी नादौन में नवनिर्मित बूथ और दुकानांे के आवंटन को लेकर भी समिति के सदस्यों ने व्यापक चर्चा की। अजय शर्मा ने समिति के सचिव को बूथ और दुकानों के बचे हुए कार्य को अतिशीघ्र पूरा करवाने तथा इनके आवंटन के लिए विज्ञापन जारी करने के निर्देश दिए।
अध्यक्ष ने कहा कि सब्जी मंडी हमीरपुर और उप सब्जी मंडी नादौन में आवंटित लगभग 26 लाख रुपये के निर्माण कार्य मार्च से पहले पूरे हो जाने चाहिए। समिति ने जिला की विभिन्न सब्जी मंडियों एवं उप सब्जी मंडियों तथा किसानों-बागवानों की सुविधाओं के लिए लगभग 1.25 करोड़ रुपये के नए निर्माण कार्य भी प्रस्तावित किए। किसानों-बागवानों की उपज के विपणन के लिए विभिन्न सब्जी मंडियों और उप मंडियों में कारोबार कर रहे व्यापारियों के हितों की रक्षा हेतु समिति ने सब्जी मंडियों की दस किलोमीटर की परिधि में सब्जी की आपूर्ति करने वाले घुमंतू व्यापारियों पर अंकुश लगाने का निर्णय भी लिया। बैठक में कई अन्य मुद्दों पर भी व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर समिति की सचिव अरुणा शर्मा, उद्यान विभाग के उपनिदेशक राजेश्वर परमार, जिला कृषि अधिकारी राजेश राणा, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. अजय कुमार सिंह, समिति के उत्पादक सदस्य विजय बन्याल, रमेश कुमार, केवल कृष्ण, संतोष कुमार, दीप चंद, सुनील कुमार, व्यापारी सदस्य नीलम ठाकुर और अन्य सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्य भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।