एन.एस.एस. दिवस पर हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकास नगर में रक्तदान शिविर का आयोजन

हमीरपुर,

हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकासनगर की एन.एस.एस. इकाई ने 24 सितम्बर, 2025 को
एन.एस.एस. दिवस के उपलक्ष्य में एक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया। यह कार्यक्रम
विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ.
अभिलाष अपने संपूर्ण चिकित्सा दल के साथ उपस्थित हुए। शिविर का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक
इंजीनियर पंकज लखनपाल ने किया। उन्होंने स्वयं सबसे पहले रक्तदान करके सभी उपस्थित लोगों को
प्रेरणा दी। उनके इस कदम का अनुसरण करते हुए विद्यालय के अध्यापकगण तथा स्वयंसेवी छात्रों ने
भी बढ़-चढ़कर रक्तदान में भाग लिया। शिविर में डॉ. कमलेश कुमार, ब्लड बैंक इंचार्ज के मार्गदर्शन में
कुल 35 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। यह रक्त भविष्य में ज़रूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक
सिद्ध होगा। विद्यालय की प्राचार्या इंजीनियर नैना लखनपाल तथा अकादमिक प्राचार्य डॉ. हिमांशु शर्मा
ने इस मानवीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है और इस प्रकार की
गतिविधियाँ विद्यार्थियों में सेवा-भाव एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जाग्रत करती हैं। उन्होंने इस
आयोजन की सफलता के लिए कार्यक्रम अधिकारियों श्रीमती मन्जू ठाकुर एवं श्री हरीश शर्मा को विशेष
बधाई दी। इस आयोजन ने विद्यालय परिवार में सेवा और सहयोग की भावना को और भी प्रगाढ़ किया।
रक्तदान शिविर न केवल एक सामाजिक सरोकार का प्रतीक बना, बल्कि इसने विद्यार्थियों को यह संदेश
भी दिया कि छोटी-सी पहल भी किसी की ज़िंदगी बचा सकती है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।