एनडीआरएफ की टीम ने कोट स्कूल के बच्चों को बताये बचाव के उपाय

हमीरपुर ।
आम लोगों, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं को आपात परिस्थितियों के दौरान बचाव के विभिन्न उपायों तथा आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाने के लिए राष्ट्रीय आपदा अनुक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने जिला हमीरपुर में 15 से 27 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया है। कांगड़ा जिले के जसूर में स्थित एनडीआरएफ की 14वीं बटालियन की एक टीम इस अभियान के तहत जिला हमीरपुर के सभी उपमंडलों का दौरा करके बचाव कार्यों से संबंधित विभिन्न गतिविधियांे का प्रदर्शन कर रही है।
मंगलवार को इस टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोट में इन गतिविधियों का प्रदर्शन किया और विद्यार्थियों को सुरक्षा एवं बचाव कार्यों से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की ओर से टौणीदेवी के तहसीलदार सौरव धीमान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इंस्पेक्टर आदेश कुमार के नेतृत्व में एनडीआरएफ की टीम ने विद्यार्थियों को आपात परिस्थितियों के दौरान बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी और बचाव के विभिन्न उपायों का प्रैक्टिकल प्रदर्शन किया। इस टीम में एसआई विवेक कौल, एएसआई राजेश कुमार और एनडीआरएफ के अन्य जवान शामिल हैं।
बचाव के उपायों के प्रदर्शन के लिए एनडीआरएफ की टीम और डीडीएमए का धन्यवाद करते हुए प्रधानाचार्य बलवंत सिंह ने कहा कि इससे बच्चों को कई ऐसी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं जोकि हमारे आम जनजीवन, विशेषकर आपात परिस्थितियों में काफी उपयोगी साबित हो सकती हैं। इस अवसर पर स्कूल के सीनियर लेक्चरर संतोष कुमार, अन्य शिक्षक, डीडीएमए के अधिकारी अनिल कुमार शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।