एडीसी ने भोरंज में योजनाओं की समीक्षा की, विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया

भोरंज ।

एडीसी अभिषेक गर्ग ने बुधवार को भोरंज का दौरा करके विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ फील्ड में जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। ग्रामीण विकास और पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान एडीसी ने स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0, वीबी जी राम जी योजना और अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की।
एडीसी ने जमीनी स्तर पर इन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं के बारे में भी अधिकारियों से फीडबैक लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने भोरंज विकास खंड में जारी जल संरक्षण और अन्य कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया। उन्होंने जाहू में बनाए जा रहे खेल मैदान का जायजा भी लिया।
इस अवसर पर जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर, खंड विकास अधिकारी रजत चौधरी, अन्य अधिकारी, स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।