एडीसी अभिषेक गर्ग की अध्यक्षता में समिति ने किया बाल आश्रम का निरीक्षण

हमीरपुर ।
एडीसी अभिषेक गर्ग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय निरीक्षण समिति ने वीरवार को बाल आश्रम सुजानपुर का निरीक्षण किया और आश्रम में बच्चों को उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया।
इस दौरान एडीसी ने आश्रम के संचालकों से बच्चों के आवास, भोजन, खेलकूद एवं मनोरंजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, शौचालय और अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली तथा इनमें सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने आश्रम के परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का भी निरीक्षण किया।
अभिषेक गर्ग ने कहा कि बाल आश्रम में रह रहे बच्चों को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना और सरकार की अन्य योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्हांेने जिला बाल संरक्षण इकाई के अधिकारियों और आश्रम के संचालकों को निर्देश दिए कि आश्रम का कोई भी बच्चा इन योजनाओं से छूटना नहीं चाहिए तथा उन्हें किसी भी सुविधा की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्हें आश्रम में पढ़ाई, खेलकूद और मनोरंजन का अच्छा माहौल मिलना चाहिए।
एडीसी ने कहा कि विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के साथ-साथ बच्चों के कौशल विकास और उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। आश्रम के एक बच्चे को होटल प्रबंधन संस्थान में एडमिशन दिलाई गई है। बच्चों के लिए खेल, मनोरंजन और कंप्यूटर इत्यादि सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।
इस अवसर पर एसडीएम विकास शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी, डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. देसराज शर्मा, जिला बाल संरक्षण इकाई के अध्यक्ष कुलदीप सिंह चौहान, बीडीओ किशोरी लाल, तहसीलदार प्रवीण ठाकुर, समिति के अन्य सदस्य और आश्रम के अधीक्षक भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।