एचपीशिवा परियोजना से निचले क्षेत्रों में आएगी नई क्रांति : अजय शर्मा

हमीरपुर 16 अक्तूबर।
एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा ने कहा है कि उद्यान विभाग की महत्वाकांक्षी एचपीशिवा परियोजना से प्रदेश के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक नई क्रांति आएगी। उद्यान विभाग द्वारा वीरवार को डिडवीं में बागवानी फसलों के लिए कोल्ड स्टोरेज सुविधा पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए अजय शर्मा ने कहा कि एचपीशिवा परियोजना से इन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर फलों के बागीचे विकसित किए जा रहे हैं और शुरुआती चरण में ही इन बागीचों में अच्छी पैदावार देखने को मिल रही है। इन फसलों के लिए कोल्ड स्टोरेज और प्रसंस्करण की सुविधा का प्रावधान भी एचपीशिवा परियोजना में किया गया है। किसानों-बागवानों को इसका लाभ उठाना चाहिए। इससे उन्हें अपनी उपज के अच्छे दाम मिलंेगे।
अजय शर्मा ने कहा कि इन फसलों के विपणन में एपीएमसी भी बागवानों की हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने कृषि, बागवानी और इनसे संबंधित अन्य क्षेत्रों जैसे-पशुपालन, मत्स्य पालन इत्यादि पर विशेष रूप से फोकस करके ग्रामीण आर्थिकी को नया बल दिया है। प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की को प्रदेश सरकार 40 रुपये, गेहूं 60 रुपये और हल्दी को 90 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीद रही है, जिससे किसानों की आय में अच्छी-खासी बढ़ोतरी हो रही है।
इस अवसर पर उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश्वर परमार ने किसानों-बागवानों को कोल्ड स्टोरेज की महत्ता और विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। हिमालयन कोल्ड स्टोरेज के अधिकारी विशाल और एक्सपर्ट कोल्ड स्टोरेज के सचिन शर्मा ने कोल्ड स्टोरेज की आधुनिक तकनीकों से अवगत करवाया। एसएमएस डॉ. जीना बन्याल पाटिल, डॉ. मूना ठाकुर और डॉ. गोपाल चौहान ने भी फसलों की मार्केटिंग और मूल्यवर्द्धन इत्यादि के बारे में बताया तथा किसानों एवं बागवानों की कई शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम के दौरान एचपीशिवा परियोजना के विभिन्न क्लस्टरों के बागवानों ने माल्टा, मौसंबी, अमरूद और अन्य फलों की प्रदर्शनी भी लगाई।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।