ऋण, बीमा, पेंशन और अन्य योजनाओं का लाभ उठाएं सभी लोग

हमीरपुर ।

पंजाब नेशनल बैंक के मुख्यालय के निर्देशानुसार बैंक के सर्कल कार्यालय हमीरपुर ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत ताल में एक जागरुकता एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया। मुख्यतः स्वयं सहायता समूहों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 11 स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों के अलावा आम लोगों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर बैंकों की विभिन्न ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) धर्मेंद्र स्याल ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को ऋण योजनाओं से जोड़ने के लिए विभिन्न विभागों के अलावा बैंकों ने भी विशेष प्रावधान किए हैं। सभी स्वयं सहायता समूहों को इन ऋण योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न ऋण योजनाओं के साथ-साथ लखपति दीदी योजना, पीएम सूर्या घर योजना, प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बैंकों में लंबे समय से निष्क्रिय खातों में पड़ी धनराशि के क्लेम और डिजिटल बैंकिंग के बारे में भी बताया तथा साईबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर डीआरडीए की राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रभारी वंदना शर्मा, महिला विकास निगम की अधिकारी हेमलता, पंजाब नेशनल बैंक की ताल शाखा के प्रबंधक राम प्रकाश, वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, पंचायत प्रधान, उपप्रधान और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।