ऋण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाएं पात्र लोग

हमीरपुर,
नगर निगम कार्यालय परिसर टाउन हॉल में बुधवार को लोक कल्याण मेला आयोजित किया गया। निगम के नवनियुक्त आयुक्त राकेश शर्मा ने इस मेले का शुभारंभ किया और इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए नगर निगम के आयुक्त ने बताया कि लोक कल्याण मेले का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना है, ताकि पात्र एवं जरुरतमंद लोग इनका लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि स्वनिधि योजना के अंतर्गत रेहड़ी-फड़ी धारकांे के लिए 7 प्रतिशत सब्सिडी के साथ 15000, 25000 और 50000 रुपये के ऋण का प्रावधान किया गया है।
इस अवसर पर विभिन्न बैंकों के अधिकारियों ने जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी तथा डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने की अपील की।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत अंगीकार अभियान से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। इसमें गरीब लोगों को नया पक्का मकान बनाने के लिए 2.50 लाख रुपये की राशि सरकार द्वारा दी जाती है। उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री सूर्या घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी भी दी गई। इसमें 3 किलोवॉट से 5 किलोवॉट तक की क्षमता के सोलर प्लांट लगाने के लिए 85000 रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है।
इस कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक से अनिल कुमार, मेहर सिंह, वनिता, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से प्रदीप कुमार और नगर निगम की तरफ से प्रिया, राकेश शर्मा, अभिषेक शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।