उहल में लोगों को दी बैंकिंग योजनाओं की जानकारी

हमीरपुर ।

कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की उहल शाखा ने नाबार्ड के सहयोग से गांव उहल में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया।
इस शिविर में शाखा प्रबंधक रजनीश ठाकुर और संजीव कुमार ने ग्रामीणों को किसान क्रेडिट कार्ड, स्वरोजगार ऋण, वाहन ऋण, गृह निर्माण ऋण, पीएम फसल बीमा योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूह बनाने के लिए प्रेरित किया और बैंक की जमा योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
उन्होंने लोगों को डिजिटल बैंकिंग की विभिन्न प्रक्रियाओं से भी अवगत करवाया और ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके भी बताए। शिविर में पंचायत प्रधान सोमा देवी, उपप्रधान विनोद कुमार, सचिव किशोर चंद, कुलदीप सिंह, राजकुमार, मीना कुमारी, सुनीता कुमारी और रेखा देवी के अलावा बड़ी संख्या में अन्य स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।