उहल में बताई बैंक की योजनाएं, साईबर ठगों से भी किया आगाह

हमीरपुर।

कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की उहल शाखा ने नाबार्ड के सहयोग से गांव उहल में बैंक वित्तीय साक्षरता एवं जागरुकता शिविर आयोजित किया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा।
इसमें शाखा प्रबंधक रजनीश ठाकुर तथा बैंक अधिकारी संजीव कुमार ने ग्रामीणों को किसान क्रेडिट कार्ड, स्वरोजगार ऋण, वाहन ऋण और गृह निर्माण ऋण की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के फायदे भी बताए। अधिकारियों ने ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूह बनाने के लिए प्रेरित किया ताकि वे स्वरोजगार से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें। इसके अलावा बैंक की विभिन्न जमा योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। शिविर के दौरान कैशलेस बैंकिंग को अपनाने पर जोर दिया गया तथा डिजिटल लेन-देन के लाभ समझाए गए। साथ ही ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराध से बचने के उपायों के बारे में भी ग्रामीणों को जागरुक किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत उहल की प्रधान सोमा देवी, पंचायत सचिव किशोर कुमार, पूर्व प्रधान सुरेश कुमार, वार्ड सदस्य सुनीता कुमारी, लता देवी और बड़ी संख्या में अन्य ग्रामीण भी उपस्थित रहे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।