उपायुक्त ने प्रेम आश्रम में बच्चों को भेंट की साइकिलें

ऊना,
उपायुक्त जतिन लाल ने शुक्रवार को ऊना के प्रेम आश्रम का दौरा किया और वहां विशेष बच्चों को साइकिलें भेंट कीं। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं नगर निगम ऊना के आयुक्त महेंद्र पाल गुर्जर भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन विशेष बच्चों के उत्थान और प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। सामर्थ्य कार्यक्रम के तहत इन बच्चों को अभी चार साइकिलें प्रदान की गई हैं, और उनकी जरूरतों को देखते हुए आगे भी साइकिलों एवं स्केट्स की व्यवस्था की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, खेल सामग्री और अन्य आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि ये प्रतिभाशाली बच्चे किसी से पीछे न रहें। उन्हें अपना हुनर दिखाने के उपयुक्त अवसर मिलें। स्पेशल ओलंपिक्स के लिए भी बच्चों को और प्रोत्साहन देकर तैयारी कराने और आत्मनिर्भर बनाने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। सामर्थ्य कार्यक्रम के तहत सीएसआर और रेडक्रॉस की मदद से उन्हें हर आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही, नगर निगम के माध्यम से प्रेम आश्रम की सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।
इस अवसर पर प्रेम आश्रम की प्रिंसिपल सिस्टर संजना ने जिला प्रशासन का आभार जताया।
साइकिलें पाकर खिले बच्चों के चेहरे
वहीं, साइकिलें मिलने पर बच्चों के चेहरे खुशी से चमक उठे। उन्होंने उत्साहपूर्वक प्रेम आश्रम परिसर में साइकिलिंग की और प्रशासन का धन्यवाद किया। उनकी प्रसन्नता देखकर वहां मौजूद सभी लोग अभिभूत थे।
इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी कमलदीप सिंह, तहसील कल्याण अधिकारी जितेंद्र शर्मा और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।