उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने किया जिला वार्षिक ऋण योजना का शुभारंभ

हमीरपुर ।

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने मंगलवार को जिला वार्षिक ऋण योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत जिला में वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान विभिन्न बैंकों के माध्यम से कुल 3865.98 करोड़ रुपये के ऋण आवंटन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए 2062.89 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने विभिन्न बैंकों के अधिकारियों को अधिक से अधिक लोगों को ऋण आवंटित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऋण योजनाओं का लाभ किसानों, समाज के पिछड़े वर्ग और जरुरतमंद लोगों तक भी पहुंचना चाहिए। इससे इन लोगों की आर्थिकी मजबूत होगी, बैंकों का कारोबार बढ़ेगा और जिला हमीरपुर के ऋण-जमा अनुपात में भी बढ़ोतरी होगी।
इस अवसर पर जिला अग्रणी प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल, नाबार्ड के डीडीएम नरेश कुमार, एलडीएमओ अनिल कुमार और अन्य बैंकों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।