उपभोक्ताओं को धोखाधड़ी से बचा सकता है बीआईएस केयर ऐप

हमीरपुर ।

भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के मोबाइल ऐप ‘बीआईएस केयर ऐप’ के बारे में अधिकारियों-कर्मचारियों को जागरुक करने के लिए बीआईएस के परवाणु शाखा कार्यालय ने एक विशेष अभियान चलाया है।
इसी अभियान के तहत बीआईएस कार्यालय परवाणु के रिसोर्स पर्सन फौरन चंद और राजकीय बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़़ू की छात्राओं ने वीरवार को उपायुक्त अमरजीत सिंह से भेंट की तथा उपायुक्त कार्यालय परिसर की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बीआईएस केयर ऐप के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बीआईएस केयर ऐप, भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा विकसित एक मोबाइल ऐप है, जो उपभोक्ताओं को आईएसआई-चिह्नित और हॉलमार्क वाले उत्पादों की प्रामाणिकता जांचने और शिकायत दर्ज करने में मदद करता है। इस ऐप के माध्यम से किसी भी उत्पाद पर लगे आईएसआई मार्क या हॉलमार्क की जांच बड़ी आसानी से की जा सकती है। इसके माध्यम से सोने के गहनों की शुद्धता की जांच भी की जा सकती है।
यदि उपभोक्ता को किसी उत्पाद की गुणवत्ता या प्रमाणिकता के बारे में कोई शिकायत है, तो वह इस ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज करवा सकता है। यह ऐप उपभोक्ताओं को धोखाधड़ी से भी बच सकता है। बीआईएस के रिसोर्स पर्सन फौरन चंद ने बताया कि बहुतकनीकी कालेज की छात्राओं के इस ग्रुप की प्रत्येक छात्रा रोजाना कम से कम दस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संपर्क करके बीआईएस केयर ऐप की जानकारी दे रही हैं।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।