ई-केवाईसी के साथ ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण करवाएं सभी कामगार : नरदेव सिंह कंवर

हमीरपुर ।

भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने निर्माण कार्यों से जुड़े प्रदेश के सभी पंजीकृत श्रमिकों से अपील की है कि वे बोर्ड में अपनी ई-केवाईसी करवाने के साथ-साथ केंद्रीय मंत्रालय के ई-श्रम पोर्टल पर भी अपना ऑनलाइन पंजीकरण अवश्य करवाएं, ताकि वे भविष्य में बोर्ड की सभी 14 कल्याणकारी योजनाओं का भरपूर लाभ उठा सकें।
सावन के पवित्र माह के उपलक्ष्य पर वीरवार को यहां बोर्ड के मुख्यालय के परिसर में शिवलिंग की स्थापना एवं प्रतिष्ठा के बाद पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि बोर्ड की सभी 14 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरुरतमंद श्रमिकों तक पहुंचाने तथा इसमें पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड ने व्यापक कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में, प्रदेश भर में सभी पंजीकृत श्रमिकों की वेरिफिकेशन एवं ई-केवाईसी की जा रही है। पंजीकृत श्रमिक अपने आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर अपनी ई-केवाईसी निशुल्क करवा सकता है।
उन्होंने बताया कि श्रमिक स्वयं या लोक मित्र केंद्र पर जाकर ई-श्रम पोर्टल पर अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के बाद वे बोर्ड की सभी 14 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि सभी जिलों के श्रम कल्याण अधिकारियों को श्रमिकों को ई-केवाईसी करवाने और ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के प्रति जागरुक करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी पात्र श्रमिक बोर्ड की योजनाओं का लाभ उठा सकें।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।