ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक में भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को दी जा रही हैं कई सुविधाएं : कर्नल चंद्रशेखर

हमीरपुर ।

भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हमीरपुर में संचालित किए जा रहे ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक में विशेष प्रबंध किए गए हैं।
ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक के प्रभारी कर्नल (सेवानिवृत्त) चंद्रशेखर ने बताया कि लगभग साढे आठ कनाल क्षेत्र में स्थापित पॉलीक्लीनिक के परिसर में चिकित्सा सुविधाओं के अलावा सीएसडी कैंटीन और रक्षा मंत्रालय के नमन प्रोजेक्ट के तहत भूतपूर्व सैनिकों के पेंशन के मामलों के समाधान के लिए निशुल्क परामर्श केंद्र भी स्थापित किया गया है।
कर्नल चंद्रशेखर ने बताया कि पॉलीक्लीनिक में इस समय पांच डॉक्टर, दो डेंटल सर्जन और अन्य स्वास्थ्य कर्मी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसकी लैब में भी कई टैस्टों की सुविधा प्रदान की जा रही है। यहां हाल ही में लगभग दस लाख रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक फीजियोथैरेपी संेटर भी स्थापित किया गया है। इस फीजियोथैरेपी सेंटर में नवीनत्तम तकनीक की मशीनरी एवं अन्य व्यवस्थाओं का प्रावधान किया गया है। कर्नल चंद्रशेखर ने बताया कि बढ़ती उम्र की गई बीमारियों में दवाइयों से ज्यादा फीजियोथैरेपी ज्यादा कारगर साबित होती है। इसको देखते हुए पॉलीक्लीनिक में नया फीजियोथैरेपी सेंटर स्थापित किया गया है। इसमें अब 15 से 20 मरीजों की एक साथ फीजियोथैरेपी की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि इस पॉलीक्लीनिक के माध्यम से जिला हमीरपुर के लगभग 45 हजार भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं और यहां ओपीडी में मरीजों की रोजाना औसतन संख्या लगभग 400 रहती है। मरीजों के पंजीकरण से लेकर ओपीडी में जांच, लैब टैस्ट और फार्मेसी में दवाइयों के वितरण तक की पूरी व्यवस्था को पूरी तरह कंप्यूटराइज्ड किया गया है। यानि इस पूरी प्रक्रिया को पेपरलैस बनाया गया है। कंप्यूटर में ईसीएचएस का कार्ड नंबर डालते ही मरीज का पूरा विवरण एक क्लिक पर ही उपलब्ध हो जाता है।
कर्नल चंद्रशेखर ने बताया कि यहां भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को चिकित्सा सुविधाओं के अलावा कई अन्य सुविधाएं भी एक स्थान पर उपलब्ध करवाने का प्रयास किया गया है, जिसका सीधा लाभ हजारों भूतपूर्व सैनिक परिवारों को हो रहा है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।