आर.बी.आई. के क्षेत्रीय निदेशक ने मुख्यमंत्री से भेंट की,राज्य में बैंकिंग विकास पर की चर्चा

शिमला,

भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक अनुपम किशोर ने सोमवार सायं मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भेंट की। उन्होंने बैंकिंग क्षेत्र में हो रही प्रगति के अलावा हिमाचल प्रदेश में वित्तीय साक्षरता और समावेशन में सुधार के उद्देश्य से शुरू की गई विभिन्न पहलों के बारे में चर्चा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आर.बी.आई. को देश के लिए उत्कृष्ट सेवाओं की 90वीं वर्षगांठ पर बधाई दी। उन्होंने वित्तीय स्थिरता और आर्थिक विकास के लिए आर.बी.आई. द्वारा अटूट प्रतिबद्धता के साथ किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में आर.बी.आई. की महत्त्वपूर्ण भूमिका है।
अनुपम किशोर ने मुख्यमंत्री को आर.बी.आई. द्वारा राज्य में वित्तीय साक्षरता और समावेशन को बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों और शुरू की गई नवीन पहलों के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने आर.बी.आई. की 90वीं वर्षगांठ के अवसर पर वित्तीय साक्षरता पर बैंक द्वारा राष्ट्रीय स्तर अभियान तथा शिमला में स्नातक विद्यार्थियों के लिए आयोजित राज्य स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के बारे भी अवगत करवाया।
बैंकिंग लोकपाल एस.के. यादव भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
.0.

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।