आरसेटी के राज्य निदेशक ने किया जिला स्तरीय कार्यालयों का दौरा

हमीरपुर ।

ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के राज्य निदेशक रमेश चंद डढवाल ने बीते दिनों पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर का दौरा किया और संस्थान में चल रहे टेलरिंग ट्रेनिंग कोर्स के बैच की प्रतिभागी महिलाओं के साथ संवाद किया।
रमेश चंद डढवाल ने महिलाओं को अपने उद्यम लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्हें अपना उद्यम स्थापित करना चाहिए या अपना कारोबार शुरू करना चाहिए। इससे वे आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनेंगी और कई अन्य लोगों को भी रोजगार दे सकती हैं।
इस अवसर पर आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने राज्य निदेशक का स्वागत किया और संस्थान की विभिन्न गतिविधियों तथा उपलब्धियां की जानकारी दी। राज्य निदेशक ने पंजाब नेशनल बैंक के सर्किल कार्यालय के प्रमुख नीरज कुमार आनंद और जिला अग्रणी प्रबंधक टशी नमग्याल से भी भेंट की और जिला में बैंकिंग गतिविधियों की जानकारी ली।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।