आरसेटी की मदद से कैदियों को दिया जा रहा मोमबत्ती बनाने का प्रशिक्षण

हमीरपुर ।
पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर आम लोगों को स्वरोजगार के लिए तैयार करने हेतु समय-समय पर अल्प अवधि के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इसी क्रम में, हमीरपुर की कारागार के कैदियों को भी प्रशिक्षित करने के लिए आरसेटी ने एक विशेष पहल की है और इसके लिए कारागार परिसर में ही 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है।
शुक्रवार को कारागार के सहायक अधीक्षक पंकज शर्मा ने इस शिविर का शुभारंभ किया। इस शिविर में कैदियों को मोमबत्ती बनाने का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। शुभारंभ अवसर पर पंकज शर्मा ने सभी कैदियों से इस शिविर का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया, ताकि वे कारागार से छूटने के बाद स्वरोजगार को अपना सकें।
इस मौके पर आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने अपने संबोधन में संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिविर के प्रतिभागियों को वर्दी, स्टेशनरी और अन्य सामग्री आरसेटी की ओर से ही प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में आरसेटी के फैकल्टी मैंबर विनय चौहान, संगीता कुमारी और कारागार के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।