आयुष विभाग ने जिले भर में आयोजित किए योगाभ्यास कार्यक्रम

हमीरपुर 21 जून। जिला आयुष अधिकारी डॉ. देशराज वर्मा ने बताया कि 10वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर शुक्रवार को आयुष विभाग ने जिले भर में 12 स्थानों पर योगाभ्यास सत्र आयोजित किए।
उन्होंने बताया कि हमीरपुर के बचत भवन, एनआईटी परिसर, कॅरियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी, कोर्ट कांप्लेक्स हमीरपुर, राजकीय हर्टिकल्चर कालेज नेरी, उपमंडलीय दंडाधिकारी कार्यालय भोरंज, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़सर, संत निरंकारी भवन नादौन, डीडीएम साई कॉलेज नादौन, बाबा बालक नाथ ट्रस्ट दियोटसिद्ध और जिला पंचायत संसाधन केंद्र सलासी में ये आयोजन किए गए।
डॉ. देशराज वर्मा ने बताया कि इन स्थानों के अतिरिक्त जिला के समस्त आयुर्वेदिक अस्पतालों तथा आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों, सरकारी एवं निजी स्कूलों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इनमें लगभग 25,999 लोगों ने योगाभ्यास किया।
जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि हमीरपुर जिला में योग दिवस की तैयारियां 25 मई से ही शुरू कर दी गई थीं और इस दौरान योग से संबंधित कई गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें लगभग 47009 लोगों को लाभान्वित किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि योग से मन और शरीर दोनों का संतुलन बनता है। उन्होंने सभी जिलावासियों से आग्रह किया कि वे नित्य प्रतिदिन योग का अभ्यास करें तथा परामर्श के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों से संपर्क करें। उन्होंने योग दिवस के सफल आयोजन में सहयोग के लिए सभी लोगों तथा विभागों का धन्यवाद भी किया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।