आपात परिस्थितियों में सीपीआर से बचाई जा सकती है किसी की जान

भोरंज ।
रैडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडल इकाई ने वीरवार को यहां मिनी सचिवालय परिसर में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सीपीआर पर एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया।
इस अवसर पर एसडीएम शशिपाल शर्मा ने कहा कि आपात परिस्थितियों में अगर किसी व्यक्ति की सांस या दिल की धड़कन रुक गई हो और उसे तत्काल सीपीआर मिल जाए तो उसकी जिंदगी बचाई जा सकती है। इस तकनीक के बारे में आम लोगों को जानकारी होनी चाहिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे किसी व्यक्ति को नया जीवन दे सकें।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के डॉ. मयंक और डॉ. आदित्य तथा हेल्थ ऐजूकेटर ने सीपीआर का प्रेक्टिकली प्रदर्शन करके यह तकनीक समझाई। उन्होंने बताया कि सीपीआर यानि कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन एक ऐसी तकनीक है जो कि कई आपात स्थितियों में किसी व्यक्ति के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकती है। उन्होंने बताया कि दिल का दौरा पड़ने या अन्य कारणों से अगर किसी की सांस या दिल की धड़कन रुक गई हो तो तुरंत सीपीआर के माध्यम से उस व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है। इसमें प्रभावित व्यक्ति की छाती को बीचों-बीच प्रति मिनट 100 से 120 बार ज़ोर-जोर से दबाया जाता है और उसे मुंह से सांसें भी दी जाती हैं। उन्होंने सीपीआर के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।