आपदा रक्षक ऐप पर तुरंत दी जा सकेगी सभी घटनाओं की सूचना

हमीरपुर ।

किसी भी तरह की आपदा से निपटने के लिए जिला स्तर पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के माध्यम से विकसित इंसीडेंस रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) यानि घटना प्रतिक्रिया प्रणाली में एक और आधुनिक सुविधा जुड़ने जा रही है। इसके लिए हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) ने ‘आपदा रक्षक’ ऐप विकसित किया है। अभी इस अत्याधुनिक ऐप की टेस्टिंग चल रही है। वीरवार को एसडीएमए द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला के दौरान डीडीएमए हमीरपुर और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी आपदा रक्षक ऐप की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त एवं डीडीएमए की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि आपदा रक्षक ऐप एक ऐसे ऑनलाइन इंटीग्रेटड प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा, जिसमें किसी भी घटना या आपदा की सूचना तुरंत दी जा सकेगी और ऐप के माध्यम से सूचना प्राप्त होते ही घटनास्थल की लोकेशन का भी पता चल जाएगा तथा आईआरएस तुरंत सक्रिय हो जाएगा। इससे त्वरित सूचना के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्यों में भी तत्परता सुनिश्चित होगी। उपायुक्त ने बताया कि अभी इस ऐप की टेस्टिंग चल रही है और आने वाले समय में इसमें कई अन्य महत्वपूर्ण फीचर्स भी शामिल किए जाएंगे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।