आपदा प्रबंधन पर जागरुकता के लिए बच्चों, युवाओं और अन्य लोगों ने लगाई दौड़

हमीरपुर ।
अंतर्राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस (आईडीडीआरआर) के उपलक्ष्य पर ‘समर्थ-2025’ जागरुकता अभियान के तहत जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) हमीरपुर ने मंगलवार सुबह चार अलग-अलग आयु वर्गों के लिए दौड़ प्रतियोगिता ‘रन फॉर रेजिलियंस’ आयोजित की, जिसमें लगभग 258 बच्चों, युवाओं और अन्य लोगों ने भाग लेकर आपदाओं से बचाव का संदेश दिया।
उपायुक्त एवं डीडीएमए के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने सुबह 7 बजे हीरानगर के चिल्ड्रन पार्क से इन प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर रेजिलियंस’ का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को आपदाओं से बचाव के प्रति जागरुक करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील भी की।
इसके बाद चिल्ड्रन पार्क में आयोजित पारितोषिक वितरण समारोह में एसपी भगत सिंह ठाकुर ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। महिला और पुरुष के चारों अलग-अलग आयु वर्गों में प्रथम पुरस्कार के रूप में 4100 रुपये नकद एवं मैडल, द्वितीय पुरस्कार 3100 रुपये एवं मैडल और तृतीय पुरस्कार के रूप में 2100 रुपये एवं मैडल प्रदान किए गए। इनके अलावा चौथे से दसवंे स्थान तक के धावक-धाविकाओं को पांच-पांच सौ रुपये के पुरस्कार दिए गए।
एसपी ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता आयोजित करके डीडीएमए ने एक बहुत ही सराहनीय पहल की है। इससे आम लोग जहां आपदा के प्रति जागरुक होंगे, वहीं बच्चे और युवा खेलकूद को अपनी आम दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित होंगे। इससे पहले, एडीसी अभिषेक गर्ग ने उपायुक्त, एसपी, अन्य वरिष्ठ अधिकारियों, प्रतियोगिता के लिए नियुक्त अधिकारियों-कर्मचारियों और सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एएसपी राजेश कुमार, एसडीएम संजीत सिंह, डीएसपी नितिन चौहान, उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक डॉ. मोही राम चौहान और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।