आपदा के बीच सीएम सुक्खू के लंदन जाने पर राजेंद्र राणा ने उठाए सवाल, कहा– रहस्य और घोटालों से भागे या ‘राहुल गांधी फॉर्मूले’ पर चले?

हमीरपुर,
हिमाचल प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता और सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के अचानक विदेश दौरे पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिस समय पूरा प्रदेश आपदा की मार झेल रहा है, लोग अपनों को खोने के गम और तबाही से जूझ रहे हैं, सरकार से राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं, उसी समय प्रदेश के मुखिया जनता को उसके हाल पर छोड़कर चुपचाप दिल्ली से लंदन उड़ान भर लेते हैं।

राजेंद्र राणा ने आज सुबह वीरवार 11:40 बजे की फ्लाइट से मुख्यमंत्री के लंदन रवाना होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह पूरा घटनाक्रम अपने आप में रहस्यमयी है। न तो कोई आधिकारिक सरकारी टूर घोषित हुआ, न ही राहत कार्यों की जिम्मेदारी स्पष्ट हुई। ऐसे में मुख्यमंत्री का अचानक विदेश निकल जाना, आपदा की घड़ी में प्रदेश को पीठ दिखाना और जनता को बेसहारा छोड़ देना, उनकी संवेदनहीनता को उजागर करता है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आखिर मुख्यमंत्री सुक्खू को यह चुपचाप विदेश जाने की सलाह कहीं राहुल गांधी ने तो नहीं दी? क्योंकि कांग्रेस नेता खुद भी चाहे संसद सत्र चल रहा हो या देश में किसी अहम मुद्दे पर बहस हो, तब विदेश निकल जाते हैं। राजेंद्र राणा ने चुटकी लेते हुए पूछा कि सुक्खू ने क्या वही राहुल गांधी वाला फॉर्मूला अपनाया है?

राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार घोटाले सामने आ रहे हैं और सीबीआई सहित कई जांच एजेंसियां सक्रिय हो चुकी हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री का विदेश जाना कहीं जांचों और जवाबदेही से बचने की कोशिश तो नहीं है या इसके पीछे कोई और रहस्य है? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और कांग्रेस सरकार का यह रवैया न केवल सवाल खड़े कर रहा है बल्कि प्रदेश की जनता को आहत भी कर रहा है।

व्यंग्य के अंदाज़ में राणा ने यहां तक कह दिया कि “क्या ब्रिटिश गवर्नमेंट ने हिमाचल में राहत कार्यों पर चर्चा करने के लिए सुक्खू को लंदन बुलाया है?” उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में जनता का साथ छोड़कर विदेश भागना प्रदेश के इतिहास में एक दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक घटना के तौर पर दर्ज होगा।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।