आईएचएम के परिचय समारोह में निहारिका मिस और आयुष मिस्टर फ्रेशर बने,एडीसी अभिषेक गर्ग ने विद्यार्थियों से की परिश्रम के साथ आगे बढ़ने की अपील

हमीरपुर ।
होटल प्रंबधन संस्थान (आईएचएम) हमीरपुर के नए विद्यार्थियों का परिचय समारोह शुक्रवार को आयोजित किया गया, जिसमें निहारिका शर्मा ने मिस फ्रेशर और आयुष ने मिस्टर फ्रेशर का खिताब जीता। परिचय-2025 समारोह में जिला हमीरपुर के एडीसी एवं आईएचएम के कार्यकारी प्रधानाचार्य अभिषेक गर्ग ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अभिषेक गर्ग ने कहा कि उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और उसे प्राप्त करने के लिए कड़ा परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी मंजिल को पाने के लिए मेहनत सबसे जरूरी है। इसी के बल पर जीवन में आगे बढ़ा जा सकता है। प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का संस्थान में स्वागत करते हुए अभिषेक गर्ग ने कहा कि यहां से शिक्षा ग्रहण करने के उपरांत बहुत से छात्र देश-विदेश में बड़ी-बड़ी कंपनियों में अच्छे पैकेज पर नौकरी कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए बैच के विद्यार्थी भी जीवन में ऊंचे मुकाम हासिल करंेगे।
इससे पहले, मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए विभागाध्यक्ष पुनीत बंटा ने कहा कि परिचय-2025 समारोह का उद्देश्य प्रथम वर्ष के नए विद्यार्थियों और संस्थान के वरिष्ठ विद्यार्थियों के बीच आपसी संवाद, सहयोग और मेल मिलाप को बढ़ाना है। इसी सहयोग और मेल-मिलाप के कारण ही आज तक आईएचएम में रैगिंग का कोई भी मामला सामने नहीं आया है।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए, जिनकी शुरुआत सरस्वती वंदना से की गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हिमाचली लोकनृत्य नाटी रही। आदित्य ठाकुर, पारस, आशीष ठाकुर, पूर्वांश, सक्षम और उनकी टीम ने नाटी प्रस्तुत करके सबका खूब मनोरंजन किया। पंजाबी नृत्य भांगड़ा और अन्य प्रस्तुतियों ने भी खूब लुभाया।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।