अस्पतालों के बायो-मेडिकल वेस्ट का हो सही निष्पादन: अमरजीत सिंह

हमीरपुर ।

उपायुक्त अमरजीत सिंह ने स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, अन्य संबंधित विभागों, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, शहरी निकायों, संबंधित पंचायतीराज संस्थाओं के अधिकारियों को जिला के सभी सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों एवं क्लीनिकों के बायो-मेडिकल वेस्ट का सही निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को बायो-मेडिकल वेस्ट के निष्पादन से संबंधित जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अमरजीत सिंह ने कहा कि इन अस्पतालों एवं क्लीनिकों से निकलने वाले सभी तरह के कचरे और विशेषकर बायो-मेडिकल वेस्ट के निष्पादन में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि जिला में इस समय सरकारी क्षेत्र में एक मेडिकल कालेज अस्पताल, 5 नागरिक अस्पताल, 32 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 153 स्वास्थ्य उपकेंद्रों के अलावा 5 आयुर्वेदिक अस्पताल और 71 आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं। इनके अलावा निजी अस्पताल एवं क्लीनिक भी हैं। इनमें से अधिकांश संस्थानों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अथॉराइजेशन प्राप्त कर ली है। शेष संस्थान भी इसके लिए जल्द आवेदन करें तथा सभी नियमों एवं सुरक्षा मानकों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने निजी अस्पतालों और क्लीनिकों से भी रिपोर्ट तलब करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीएमओ डॉ. प्रवीण चौधरी और जिला स्वास्थ्य अधिकारी संजय जगोता ने जिला में बायो-मेडिकल वेस्ट के निष्पादन संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर जिला आयुष अधिकारी डॉ. बृजनंदन शर्मा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।