असफलताओं से कभी भी न घबराएं विद्यार्थी: सुनील शर्मा बिट्टू

नादौन ।

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर एवं सबसे समृद्ध राज्य बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। शुक्रवार को नेताजी सुभाष स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सेरा के वार्षिक उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि सहित सभी क्षेत्रों में हिमाचल को अग्रणी राज्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री कई बड़े निर्णय ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह नादौन विधानसभा क्षेत्र और विशेषकर, गांव सेरा का सौभाग्य है कि यहां के एक सामान्य परिवार का एक संघर्षशील बेटा हिमाचल को सशक्त नेतृत्व प्रदान कर रहा है। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि केंद्र की उपेक्षा और आर्थिक तंगी के बावजूद मुख्यमंत्री ने लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व भीषण आपदा से पीड़ित हजारों परिवारों के लिए 4500 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज जारी करके एक अनूठी मिसाल पेश की थी।
उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के उत्थान और प्रदेश के हर क्षेत्र के चहुमुखी विकास के लिए मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं आरंभ की हैं। प्राकृतिक खेती से तैयार फसलों के लिए उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया है। दूध के दाम में भी भारी वृद्धि की है। इससे किसानों और पशुपालकों की आय में काफी बढ़ोतरी होगी।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की डाइट मनी में कई गुणा वृद्धि करके इन खिलाड़ियों को बहुत बड़ा प्रोत्साहन प्रदान किया है। अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं को करोड़ों रुपये के ईनाम दिए जा रहे हैं।
सेरा स्कूल की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस स्कूल को स्वयं गोद लिया है और इसके भवन के लिए मुख्यमंत्री ने डेढ़ करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसी स्कूल की कैंसर पीड़ित छात्रा को उन्होंने पांच लाख रुपये की राशि मंजूर की है। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने क्षेत्र की हर समस्या एवं जनता की मांगों से बखूवी परिचित हैं और वे इनके निवारण के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान कर रहे हैं।
सुनील शर्मा बिट्टू ने बच्चों से जीवन में असफलताओं से कभी भी न घबराने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर बच्चे में कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है। इसलिए, असफलताओं एवं संघर्ष के दौर में सभी अभिभावकों को बच्चों का उत्साहवर्द्धन करना चाहिए। उन्होंने शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य बिहारी लाल कौशल ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
समारोह में कांग्रेस के पदाधिकारी, स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधि, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।