अब गरीबों के बच्चे भी पढ़ सकेंगे सीबीएसई स्कूलों में: सुनील शर्मा बिट्टू

हमीरपुर,
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा है कि अब गरीब परिवारों के बच्चे भी सीबीएसई स्कूलों में पढ़ाई कर सकेंगे और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पूरे आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने में सक्षम होंगे।
शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धनेटा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि सामान्य परिवार से संबंध रखने वाले मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सरकारी स्कूलों और महंगे प्राइवेट एवं कॉन्वेंट स्कूलों की पढ़ाई के अंतर को दूर करने के लिए शिक्षा विभाग में व्यापक सुधार किए हैं। इसी कड़ी में, प्रदेश के 100 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई का दर्जा देने का निर्णय लिया गया है और इनमें धनेटा का स्कूल भी शामिल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों को एक समान गुणवत्तायुक्त शिक्षा की सुविधाओं का प्रावधान करके बहुत ही सराहनीय पहल की है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने नशे के खिलाफ एक जंग का ऐलान किया है और सभी के सहयोग से ही यह जंग जीती जा सकती है। इसलिए, सभी विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक इसमें अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि बच्चों को नशे से बचाने के लिए शिक्षक और अभिभावक हर समय अलर्ट रहें। शिक्षण संस्थानों के आसपास के सभी संदिग्ध स्थानों पर कड़ी नजर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।
नादौन विधानसभा क्षेत्र की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में मेडिकल कालेज, इंडोर स्टेडियम, डे-बोर्डिंग स्कूल, सड़कों का चौड़ीकरण और करोड़ों रुपये के कई अन्य बड़े प्रोजेक्टों के कार्य तेजी से करवाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के कारण इस क्षेत्र को एक नई पहचान मिली है।
इस अवसर पर उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में सराहनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।
इससे पहले, प्रधानाचार्य राजकुमार ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और विद्यार्थियों के अभिभावकों का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। जबकि, विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके खूब समां बांधा। समारोह में डिग्री कालेज के प्रधानाचार्य डॉ. जीसी राणा, तहसीलदार केशव सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भारत भूषण कपिल, पंचायत प्रधान रणजीत सिंह और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।