अब ऑनलाइन दायर होंगे राजस्व केस और अपीलें : एसडीएम

भोरंज ।
राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली को आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने तथा इसमें तत्परता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार सभी प्रक्रियाओं की डिजिटाइजेशन पर विशेष जोर दे रही है। इसी कड़ी में अब राजस्व से संबंधित सभी केस और अपीलों को ऑनलाइन माध्यम से ही दायर करने की सुविधा आरंभ की जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
इस आधुनिक प्रणाली के बारे में भोरंज के तहसीलदार और नायब तहसीलदार, जाहू के नायब तहसीलदार तथा इन राजस्व अधिकारियों के रीडरों, उपमंडल के अधिवक्ताओं और अर्जी नवीसों को प्रशिक्षित करने के लिए वीरवार को वर्चुअल माध्यम से एक कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला के दौरान सभी प्रतिभागियों को ऑनलाइन केस फाइलिंग, अपील और अन्य सभी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम शशिपाल शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही यह ऑनलाइन प्रक्रिया आरंभ करने जा रही है, जिसकी अधिसूचना जल्द ही जारी कर दी जाएगी। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और अर्जी नवीसों से इस प्रक्रिया को गहनता के साथ समझने की अपील की, ताकि उन्हें केस या अपील दायर करते समय और सुनवाई एवं निपटारे के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से आम नागरिकों को काफी सुविधा होगी। वे स्वयं या उनके अधिवक्ता ऑनलाइन माध्यम से तहसीलदार या नायब तहसीलदार की न्यायालयों में केस दायर कर सकेंगे। इसके अलावा एसडीएम की न्यायालय में अपील भी ऑनलाइन दायर कर सकेंगे। एसडीएम ने कहा कि ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होने के बाद राजस्व केसों का निपटारा जल्द होगा और इससे आम नागरिकों के समय एवं धन की बचत होगी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।