अनुराग सिंह ठाकुर ने सूबेदार मेजर राजेश कुमार के निधन पर दुःख प्रकट किया

नादौन,
पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज नादौन विधानसभा के निवासी व जम्मू-कश्मीर राइफल्स की 8-वीं बटालियन में तैनात सूबेदार मेजर राजेश कुमार के निधन पर दुःख प्रकट किया, जिन्होंने कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान दिया। गौरतलब है बीमारी के चलते 22-अगस्त-2025 को उन्होंने अंतिम साँस ली। तीन बहनो के सबसे छोटे भाई सूबेदार मेजर राजेश कुमार अपने पीछे वृद्ध माता, पत्नी, एक बेटा व एक बेटी छोड़ गए हैं।

अनुराग ठाकुर ने वीर सैनिक के असामयिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सूबेदार मेजर राजेश कुमार को हमेशा गर्व और सम्मान के साथ याद किया जायेगा।

श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि सारा देश दु:ख की इस घड़ी में उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और देश के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने कहा: “मेरे हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के नादौन विधानसभा के निवासी व जम्मू-कश्मीर राइफल्स में तैनात सूबेदार मेजर राजेश कुमार का निधन होना अत्यंत कष्टदाई है। माँ भारती के प्रति राजेश कुमार के समर्पण, सेवा, साहस व निष्ठा को देश सदा याद रखेगा। मेरी हार्दिक संवेदनाएँ हमारे वीर जवान राजेश कुमार के परिवार के साथ हैं। ईश्वर शोकाकुल परिजनों को संबल व वीरात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।”

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।