अनुराग सिंह ठाकुर की भारत–यूरोपीय संघ संसदीय मैत्री समूह में ग्रुप लीडर नियुक्ति पर भाजपा जिला हमीरपुर ने दी बधाई

हमीरपुर:
भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर के पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर को भारत–यूरोपीय संघ संसद (ब्रसेल्स) संसदीय मैत्री समूह का ग्रुप लीडर नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि यह नियुक्ति लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की उस महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत हुई है, जिसके तहत 60 से अधिक देशों के साथ संसदीय मैत्री समूहों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहल भारत की संसदीय कूटनीति को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम है, जिससे जनप्रतिनिधियों को सीधे तौर पर अन्य देशों के सांसदों के साथ संवाद स्थापित करने, विधायी अनुभव साझा करने तथा लोकतांत्रिक परंपराओं और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा।

राकेश ठाकुर ने अपने वक्तव्य में कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर की यह नियुक्ति न केवल हमीरपुर संसदीय क्षेत्र बल्कि समूचे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की सशक्त और प्रभावशाली उपस्थिति सुनिश्चित करने में अनुराग सिंह ठाकुर की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। उनके नेतृत्व में भारत–यूरोपीय संघ के बीच संसदीय सहयोग, व्यापार, नवाचार, शिक्षा, युवा आदान-प्रदान और सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती मिलेगी।

उन्होंने आगे कहा कि संसदीय मैत्री समूहों के माध्यम से भारत वैश्विक मंच पर अपने लोकतांत्रिक मूल्यों, विकास मॉडल और नीतिगत अनुभवों को साझा कर रहा है। यह पहल ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना को साकार करने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास है। अनुराग सिंह ठाकुर जैसे अनुभवी और दूरदर्शी नेता को इस महत्वपूर्ण दायित्व का मिलना इस बात का प्रमाण है कि पार्टी और संसद नेतृत्व को उनकी क्षमता, अनुभव और अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण पर पूर्ण विश्वास है।

जिला भाजपा पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि अनुराग सिंह ठाकुर अपने नए दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए देश और प्रदेश का मान-सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक ऊँचा करेंगे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।