अधिकारियों-कर्मचारियों ने सीखे आपदा के संभावित खतरों से बचाव के उपाय

हमीरपुर ।

आपदा के संभावित खतरों और इन खतरों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों के संबंध में विभिन्न विभागों एवं सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) द्वारा यहां हमीर भवन में आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला बुधवार को संपन्न हो गई। इस कार्यशाला में आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और संस्थानों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ नरेंद्र सिंह कछोटिया ने प्रतिभागी अधिकारियों-कर्मचारियों को आपदा के संभावित खतरों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने इन संभावित खतरों से सुनियोजित एवं प्रभावी ढंग से निपटने का प्रशिक्षण भी प्रदान किया। कार्यशाला के अंतिम दिन प्रतिभागियों को प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी दी गई।
समापन अवसर पर मुख्य वक्ता और सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद करते हुए डीडीएमए की प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण समन्वयक समीक्षा शर्मा और जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर के प्रभारी भानु शर्मा ने कहा कि हमारे आसपास कई ऐसे संभावित खतरे होते हैं जोकि आपदा का रूप धारण कर सकते हैं और बड़े पैमाने पर जान-माल का नुक्सान कर सकते हैं। अगर हम इन संभावित खतरों के बारे में पहले से ही जागरुक हों और आपदा प्रबंधन के प्रति सजग रहें तो किसी भी तरह की आपदा आने पर जान-माल के नुक्सान को काफी हद तक कम किया जा सकता है और बचाव एवं राहत कार्यों को भी प्रभावी ढंग से अंजाम दिया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि अधिकारियों-कर्मचारियों, पंचायत जनप्रतिनिधियों, वॉलंटियरों और आम लोगों को आपदा प्रबंधन के प्रति प्रशिक्षित करने के लिए डीडीएमए की ओर से समय-समय पर कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं। भविष्य में भी इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।