अणु के मैदान में आयोजित होगा जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह

हमीरपुर ।

76वां गणतंत्र दिवस समारोह जिला हमीरपुर में भी 26 जनवरी को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए जिला एवं उपमंडल स्तर पर तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं। एडीएम एवं कार्यवाहक उपायुक्त राहुल चौहान ने वीरवार को यहां हमीर भवन में विभिन्न विभागों और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक करके जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर के मैदान में अभी कार्य पूरा नहीं हुआ है। इसलिए, जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह अणु के सिंथेटिक ट्रैक के मैदान में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को सुबह 11 बजे समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और भव्य परेड की सलामी लेंगे। इस परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस और स्काउट्स एंड गाइड्स की टुकड़ियां भाग लेंगी।
राहुल चौहान ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस परेड में अधिक से अधिक शिक्षण संस्थानों की भागीदारी सुनिश्चित करें तथा इनकी सूची एसपी कार्यालय को भेजें, ताकि इन संस्थानों की टुकड़ियों को परेड की रिहर्सल में शामिल किया जा सके। कार्यवाहक उपायुक्त ने कहा कि अणु के मैदान में 17 से 24 जनवरी तक भर्ती रैली भी होगी। इस रैली के लिए पहले ही आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। इसलिए, रैली के तुरंत बाद सभी संबंधित विभाग और नगर निगम के अधिकारी गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दे दें।

मौसम खराब होने की स्थिति के लिए भी पूरी तैयारी रखें।
कार्यवाहक उपायुक्त ने सलामी मंच और फ्लैग पोस्ट के निर्माण, आयोजन स्थल पर पेयजल, शौचालय, सफाई, बिजली आपूर्ति और अन्य सभी व्यवस्थाओं के लिए लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड, नगर परिषद और अन्य संबंधित विभागांे के अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी दिए।
उन्होंने कहा कि समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम उच्च स्तर के होने चाहिए। इसके लिए उन्हांेने पुलिस, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को तुरंत तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक आयुक्त अपराजिता चंदेल ने समारोह के तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर एसडीएम संजीत सिंह और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।