अग्निवीर भर्ती रैली के लिए करें सभी आवश्यक प्रबंध : गंधर्वा राठौड़

मार्च में होने वाली भर्ती रैली की तैयारियों के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
संयुक्त प्रवेश परीक्षा पास कर चुके तीन जिलों के लगभग 3000 युवा लेंगे भाग

हमीरपुर 23 जनवरी।

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिला हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना के अभ्यर्थियों के लिए मार्च में अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड एवं डिग्री कालेज परिसर में होने वाली थल सेना भर्ती रैली की तैयारियों के संबंध में शुक्रवार को यहां हमीर भवन में विभिन्न विभागों तथा थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के अधिकारियों के साथ बैठक की।
उपायुक्त ने बताया कि इस भर्ती रैली की अवधि 5 से 18 मार्च तक रहेगी, लेकिन 8 मार्च तक का समय तैयारियों के लिए रखा गया है। जबकि, वास्तविक भर्ती प्रक्रिया 9 से 17 मार्च तक होगी और 18 मार्च को रिजर्व दिन रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस भर्ती रैली में लगभग 3000 युवाओं का ग्राउंड टेस्ट, मेडिकल जांच और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगी जोकि संयुक्त प्रवेश परीक्षा पास कर चुके हैं। इसलिए, आयोजन स्थल और इसके आस-पास के पूरे क्षेत्र में सभी आवश्यक प्रबंधों में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
रैली स्थल पर बिजली, पानी, अग्निशमन, शौचालय एवं सफाई, मेडिकल, इंटरनेट, कंप्यूटर्स-प्रिंटर्स और अन्य सुविधाओं तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मचारियों की तैनाती को लेकर बैठक में व्यापक चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के लिए आने वाले सेना के लगभग 200 अधिकारियों एवं सैनिकों के रहने की व्यवस्था भी करनी होगी।
उन्होंने सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के अधिकारियों से कहा कि वे सभी सेवाओं की डिमांड अतिशीघ्र जिला प्रशासन को भेजें, ताकि आवश्यकतानुसार प्रबंध किए जा सकें। उपायुक्त ने कहा कि उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए शिक्षा विभाग, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, आईटीआई और अन्य शिक्षण संस्थानों से भी अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।
पात्र उम्मीदवारों की मैदान में एंट्री तड़के से ही शुरू हो जाएगी। इसलिए, सभी विभागों को इसी समय के अनुसार तैयारी करनी होगी। भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा अपनी शारीरिक क्षमता एवं प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाइयों के प्रयोग और रैली स्थल के आस-पास संदिग्ध लोगों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।
बैठक में सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने भर्ती रैली और इससे संबंधित विभिन्न प्रबंधों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। एसपी बलवीर सिंह, एडीसी अभिषेक गर्ग, नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, एसी टू डीसी चिराग शर्मा और अन्य अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।