हमीरपुर,
हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने प्रथम कांगड़ा अंतरराष्ट्रीय
ओपन फिडे रेटेड रैपिड शतरंज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं खेल
उत्कृष्टता को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर सुदृढ़ रूप से नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह प्रतिष्ठित
प्रतियोगिता 3और 4 जनवरी 2026 को आयोजित हुई, जिसमें भारत सहित विदेशों से कुल 334 शतरंज
खिलाड़ियों ने सहभागिता की।इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध अभिनेत्री एवं
सेलिब्रिटी यामी गौतम रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, एकाग्रता एवं
निरंतर अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के
लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में हिम अकादमी की छात्रा शिवाली ठाकुर (कक्षा 3) ने अंडर-9 वर्ग में
तृतीय स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की। वहीं छात्रा पलक ठाकुर ने कड़े मुकाबलों में
समग्र रूप से 27वाँ स्थान प्राप्त करते हुए ‘सर्वश्रेष्ठ हिमाचल खिलाड़ी’ का सम्मान अपने नाम किया
तथा ₹3,000 की नकद पुरस्कार राशि भी प्राप्त की।
इन गौरवपूर्ण उपलब्धियों के मध्य विद्यालय के खेल शिक्षकों श्रीमती सुमन एवं श्री कमल सिंह का
समर्पित मार्गदर्शन, सतत अभ्यास एवं रणनीतिक प्रशिक्षण विशेष रूप से सराहनीय रहा, जिनके कुशल
नेतृत्व में विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास, धैर्य एवं सूझ-बूझ का उत्कृष्ट परिचय दिया।प्रतियोगिता में
विद्यालय की व्यापक सहभागिता एवं प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए आयोजकों द्वारा हिम अकादमी
पब्लिक स्कूल को ‘उत्कृष्ट विद्यालय सम्मान’ तथा ‘सर्वाधिक सहभागिता सम्मान’ से अलंकृत किया
गया। विद्यालय के निदेशक इंजीनियर श्री पंकज लखनपाल, प्रधानाचार्या इंजीनियर श्रीमती नैना
लखनपाल एवं अकादमिक प्रधानाचार्या डॉ. हिमांशु शर्मा ने शिवाली ठाकुर एवं पलक ठाकुर एवं समस्त
खेलविभाग को बधाई देते हुए कहा कि “शतरंज जैसे बौद्धिक खेल विद्यार्थियों में तार्किक सोच, निर्णय
क्षमता और अनुशासन का विकास करते हैं। यह सफलता विद्यार्थियों के कठोर परिश्रम, शिक्षकों के
मार्गदर्शन और विद्यालय के सकारात्मक शैक्षिक वातावरण का प्रतिफल है। हमें विश्वास है कि भविष्य में
भी हमारे विद्यार्थी इसी प्रकार नई ऊँचाइयों को हासिल करेंगे।”
Author: Himachal Samvaad








