लॉ के विद्यार्थियों को दी नालसा की योजनाओं की जानकारी

भोरंज ,
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने बुधवार को खरवाड़ स्थित कॅरियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी में विधिक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम के दौरान प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने एलएलबी के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आम लोगों को न्याय सुलभ बनाने के लिए नालसा ने कई योजनाएं आरंभ की हैं। इन योजनाओं में मुफ्त कानूनी सहायता योजना सबसे महत्वपूर्ण योजना है।
उन्होंने बताया कि एससी-एसटी वर्ग के लोग, महिलाएं, बच्चे, दिव्यांग, आपदा पीड़ित, अत्याचार पीड़ित, श्रमिक, किन्नर, कैदी और सालाना 3 लाख रुपये से कम आय वाले सभी वर्गों के लोग मुफ्त कानूनी सहायता योजना का लाभ लेने के लिए पात्र हैं। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया बहुत ही सरल है। किसी भी न्यायालय परिसर में स्थापित फ्रंट आफिस में जाकर पात्र लोग मुफ्त कानूनी सहायता के लिए आवेदन कर सकते हैं। मानव तस्करी के शिकार लोगों, झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों, असंगठित क्षेत्र के कामगारों, नशे के जाल में फंसे लोगों, किसी भी तरह के अत्याचार और तेजाब हमलों की शिकार महिलाओं की मदद के लिए भी नालसा ने योजनाएं आरंभ की हैं। कुलदीप शर्मा ने बताया कि इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए नालसा के हेल्पलाइन नंबर 15100 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के दूरभाष नंबर 01972-224399 या ईमेल पर भी संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करने के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के पैनल वकील और पैरा लीगल वॉलंटियर्स उपलब्ध करवाए जाते हैं। उन्होंने एलएलबी के विद्यार्थियों से आम लोगों के लिए न्याय सुलभ बनाने में अपना योगदान देने की अपील भी की।
उन्होंने विद्यार्थियों को लोक अदालत, मध्यस्थता एवं अन्य विधिक सेवाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि कानून के विद्यार्थियों की जिम्मेदारी केवल कानून का अध्ययन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें अपने कानूनी ज्ञान का उपयोग समाज के हित में करते हुए लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक करना चाहिए।
इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न कानूनी विषयों एवं न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका कुलदीप शर्मा ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया।
कुलदीप शर्मा ने कॅरियर प्वाइंट यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों के लिए किए जा रहे लीगल एड एवं सामाजिक जागरुकता संबंधी प्रयासों की सराहना भी की।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।