22 अगस्त को लगेगी विशेष लोक अदालत और 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत

हमीरपुर 05 अगस्त।

अदालतों में लंबित मामलों को मध्यस्थता, आपसी सहमति एवं सुलह के साथ निपटाने तथा अन्य मामलों के भी त्वरित निपटारे के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) की ओर से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि लोगों के समय एवं धन की बचत हो सके और उनके लिए न्याय सुलभ हो सके। इसी कड़ी में, मेडिएशन फॉर द नेशन (मध्यस्थता राष्ट्र के लिए) 3.0 अभियान आरंभ किया जा रहा है।
जिला हमीरपुर के सभी न्यायिक परिसरों में भी इस अभियान के तहत विभिन्न मामलों के पक्षकारों के बीच मध्यस्थता करके उनके मामलों को आपसी सहमति एवं सुलह के साथ निपटाने की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट एवं चैक बाउंस से संबंधित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए 22 अगस्त को जिला हमीरपुर के न्यायिक परिसरों में भी विशेष लोक अदालतें लगाई जाएंगी। इसके अलावा अन्य मामलों के त्वरित निपटारे के लिए इन्हीं न्यायिक परिसरों में 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालतें लगाई जाएंगी।
कुलदीप शर्मा ने अदालतों में लंबित मामलों के पक्षकारों से इन लोक अदालतों और मेडिएशन फॉर द नेशन (मध्यस्थता राष्ट्र के लिए) 3.0 अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।