उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने किया जनगणना के कार्य का निरीक्षण

हमीरपुर ।

उपायुक्त एवं जिला हमीरपुर की प्रधान जनगणना अधिकारी गंधर्वा राठौड़ ने बुधवार को फील्ड में जाकर कई गांवों में जनगणना के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने हमीरपुर के निकटवर्ती गांव चौकी कनकरी और आस-पास के क्षेत्रों में जाकर फील्ड में जनगणना-2027 के पहले चरण की प्रक्रिया के तहत मकानों की गणना एवं सूचीकरण का कार्य कर रहे प्रगणकों और सुपरवाइजरों से इस महत्वपूर्ण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की तथा उनसे सहयोग की अपील की।
उपायुक्त ने प्रगणकों और सुपरवाइजरों से कहा कि वे मकानों की गणना एवं सूचीकरण के कार्य को 15 जुलाई तक हर हाल में पूरा करें। उन्होंने कहा कि मकानों की गणना एवं सूचीकरण के दौरान सही डाटा अपलोड होना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। उपायुक्त ने स्थानीय लोगों से भी कहा कि जनगणना का कार्य राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। जनगणना-2027 की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटाइज किया गया है, जिसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में मकानों के सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 15 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अगले वर्ष वास्तविक जनगणना की जाएगी।
उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि वे घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि जनगणना-2027 के सही आंकड़े सामने आ सकें और भविष्य में इन्हीं आंकड़ों के अनुसार जिला के लिए उपयुक्त योजनाएं तैयार की जा सकें।
—-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।