मुख्यमंत्री ने हमीरपुर के खोखाधारकों को दिया उचित पुनर्वास का भरोसा

हमीरपुर।

हमीरपुर के वर्तमान अंतरराज्यीय बस अड्डे की जगह पर सिटी सेंटर के निर्माण से प्रभावित होने वाले 11 खोखाधारकों ने पुनर्वास के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से गुहार लगाई है। ये खोखाधारक शिमला में राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू के साथ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिले और उनके समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।
मुख्यमंत्री के साथ भेंट के दौरान बस स्टैंड के दुकानदार एवं खोखाधारक संजय दुग्गल, महेंद्र सिंह, दिनेश शर्मा, नरेंद्र कुमार, सरला देवी, सुदेश रानी, दीवान चंद, कृष्ण देव और मनजिंद्र पटियाल ने बताया कि वे बस स्टैंड के परिसर के साथ लगते खोखों एवं दुकानों से अपनी रोजी-रोटी चला रहे हैं। बस स्टैंड की जगह सिटी सेंटर के निर्माण के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री से उचित पुनर्वास का निवेदन किया, ताकि उनके परिवारों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट ना खड़ा हो।
खोखाधारकों की समस्या की सुनवाई के बाद मुख्यमंत्री ने इन खोखाधारकों को भरोसा दिया कि वर्तमान बस स्टैंड से हटने के बाद उनका उचित पुनर्वास किया जाएगा। उन्हें हमीरपुर में ही उपयुक्त जगह पर शिफ्ट किया जाएगा, जहां वे अपना कारोबार कर सकेंगे।
सभी खोखाधारकों ने इसके लिए मुुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और सुनील शर्मा बिट्टू द्वारा उनकी समस्या को समझ करके मुख्यमंत्री से इसका समाधान करवाने के लिए भी धन्यवाद किया।
इस प्रतिनिधिमंडल में एपीएमसी हमीरपुर के अध्यक्ष अजय शर्मा और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेश आनंद भी शामिल रहे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।