महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता की भाजपा की सोच का परिणाम है हमीरपुर जिला परिषद का नया नेतृत्व: उषा बिरला

हमीरपुर 7 जुलाई

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं भाजपा वरिष्ठ नेत्री उषा बिरला ने हमीरपुर जिला परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनीता शर्मा तथा उपाध्यक्ष गुरदीप सिंह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए इसे हमीरपुर जिले के लिए गर्व और गौरव का क्षण बताया।

उषा बिरला ने कहा कि अनीता शर्मा का जिला परिषद अध्यक्ष बनना केवल एक व्यक्ति की जीत नहीं, बल्कि उन सभी माताओं, बहनों और बेटियों के सपनों की जीत है जो समाज और राजनीति में अपनी सक्रिय भूमिका निभाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा महिलाओं को सम्मान, अवसर और नेतृत्व प्रदान किया है। प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें निर्णय प्रक्रिया का महत्वपूर्ण भागीदार बनाने का ऐतिहासिक कार्य भाजपा सरकार ने किया, जिसका लाभ आज हजारों महिलाएं नेतृत्व के रूप में समाज को दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि उपाध्यक्ष पद पर गुरदीप सिंह का निर्वाचित होना भारतीय जनता पार्टी की सामाजिक समरसता और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की विचारधारा का सशक्त उदाहरण है। भाजपा ने हमेशा समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर अनुसूचित जाति, जनजाति एवं वंचित वर्गों को नेतृत्व के अवसर देकर उन्हें मुख्यधारा में सशक्त बनाने का कार्य किया है।

उषा बिरला ने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश के जननायक एवं दो बार के सफल मुख्यमंत्री आदरणीय प्रो. प्रेम कुमार धूमल जी का विशेष आभार व्यक्त करती हैं, जिनके दूरदर्शी नेतृत्व ने प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं को नई दिशा दी तथा महिलाओं और सामान्य कार्यकर्ताओं के लिए नेतृत्व के द्वार खोले। आज अनेक महिलाएं और युवा जनप्रतिनिधि उसी दूरदर्शी सोच का परिणाम हैं।

उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर के नेतृत्व और मार्गदर्शन में भी हमीरपुर जिले में संगठन को निरंतर मजबूती मिली है। उनकी विकासोन्मुखी सोच, युवा शक्ति को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता और समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने की कार्यशैली ने भाजपा को जनता का विश्वास दिलाया है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की इसी संस्कारयुक्त परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सेवा, सुशासन और समर्पण के भाव से कार्य कर रहा है।

उषा बिरला ने विश्वास व्यक्त किया कि जिला परिषद अध्यक्ष अनीता शर्मा एवं उपाध्यक्ष गुरदीप सिंह जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हमीरपुर जिले के विकास में नई ऊंचाइयां स्थापित करेंगे। उन्होंने दोनों जनप्रतिनिधियों के सफल, पारदर्शी एवं जनसेवा से परिपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।