सुनील शर्मा बिट्टू ने बाड़ी फरनोल में सुनीं जनसमस्याएं

हमीरपुर 30 जून।

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने मंगलवार को ग्राम पंचायत बाड़ी फरनोल का दौरा किया और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं।
इस अवसर पर लोगों ने पंचायत के संपर्क मार्गों, सोलर लाइटों और मोक्षधाम इत्यादि से संबंधित कई समस्याएं सुनील शर्मा बिट्टू के समक्ष रखीं। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि क्षेत्र की सभी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को त्वरित कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दे रहे हैं।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिला हमीरपुर के लिए मेडिकल कालेज, नर्सिंग कालेज, डेंटल कालेज, कैंसर केयर संस्थान, बस स्टैंड, नगर निगम, सिटी सेंटर और हैलीपोर्ट जैसी कई ऐसी बड़ी परियोजनाएं स्वीकृत की हैं, जिससे यह जिला विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
इस अवसर पर एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, स्थानीय पंचायत के वार्ड पंच सुशील कुमार, बलजीत सिंह, सोमा, पूनम कुमारी और किरण कुमारी तथा अन्य स्थानीय निवासी सुरेश कुमार, शंभूनाथ, रघुवीर सिंह, कुलदीप सिंह और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।