अनुराग ठाकुर के निरंतर प्रयासों का असर: विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी राजनयिक को किया तलब, ओमान के निकट भारतीय नाविक आदित्य शर्मा की मृत्यु मामले में भारत ने जताई कड़ी आपत्ति

हमीरपुर,

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा ओमान के निकट अमरीकी मिसाइल हमले में हिमाचल प्रदेश के युवा नाविक आदित्य शर्मा के दुखद निधन के मामले को लगातार गंभीरता से उठाने और विदेश मंत्रालय के साथ सतत संपर्क बनाए रखने के परिणामस्वरूप भारत सरकार ने इस मामले में सख्त रुख अपनाया है।

गौरतलब है कि अनुराग सिंह ठाकुर ने 11 जून 2026 को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर आदित्य शर्मा के निधन के मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने तथा पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने की मांग की थी। इसके अतिरिक्त वे लगातार विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में रहे तथा मामले की हर प्रगति पर व्यक्तिगत रूप से निगरानी रखते रहे।

इसी क्रम में आज विदेश मंत्रालय ने भारत में अमेरिकी प्रभारी राजनयिक (U.S. Chargé d’Affaires) जेसन मीक्स को तलब किया। भारत सरकार की ओर से उन्हें ओमान की खाड़ी में भारतीय नाविकों को लेकर चल रहे वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी नौसैनिक बलों द्वारा किए जा रहे हमलों को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। इन घटनाओं के कारण अब तक तीन भारतीय नागरिकों की दुखद और टाली जा सकने वाली मृत्यु हो चुकी है, जिनमें हिमाचल प्रदेश के युवा नाविक आदित्य शर्मा भी शामिल हैं।

विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी पक्ष से स्पष्ट रूप से कहा कि भारत इस प्रकार की घटनाओं को अत्यंत गंभीरता से देखता है तथा अमेरिकी प्रशासन तक भारत की गहरी चिंता पहुंचाई जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि क्षेत्र में संचालित अमेरिकी सैन्य बल भविष्य में नागरिकों और वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं, ताकि निर्दोष नागरिकों की जान को किसी प्रकार का खतरा न हो।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आदित्य शर्मा जैसे युवा भारतीय की असमय मृत्यु पूरे प्रदेश और देश के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि इस मामले में उन्होंने प्रथम क्षण से ही विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास तथा संबंधित एजेंसियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखा है। उनका प्रमुख उद्देश्य शोकाकुल परिवार को न्याय दिलाना, घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना तथा भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत सरकार द्वारा अमेरिकी राजनयिक को तलब किया जाना इस बात का प्रमाण है कि देश अपने नागरिकों की सुरक्षा के प्रश्न पर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करता। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस मामले में आवश्यक कूटनीतिक एवं मानवीय कदम शीघ्र उठाए जाएंगे और आदित्य शर्मा के परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने पुनः विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास तथा केंद्र सरकार से आग्रह किया कि आदित्य शर्मा का पार्थिव शरीर शीघ्र भारत लाने की प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए ताकि परिवार अपने पुत्र को अंतिम विदाई दे सके।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।