उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने किया आरसेटी के प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण, महिलाओं का मार्गदर्शन किया

भोरंज ।

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को विकास खंड भोरंज की ग्राम पंचायत भकेड़ा के गांव भैरवीं जट्टां में पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण किया। इस शिविर में लगभग 30 महिलाओं को मोमबत्ती और अन्य उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि आरसेटी की ओर से आयोजित किए जाने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं के लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकते हैं। आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं घर में ही उद्यम स्थापित करके अपना कारोबार आरंभ कर सकती हैं। इसमें वे विभिन्न बैंकों की ऋण योजनाओं की मदद भी ले सकती हैं।
इससे पहले, जिला अग्रणी प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल, आरसेटी के निदेशक अजय कतना, खंड विकास अधिकारी कुलवंत सिंह और अन्य अधिकारियों ने उपायुक्त का स्वागत किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, आरसेटी के फैकल्टी मैंबर विनय चौहान, किरण कुमारी और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
-0-

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।