एचपीवी वैक्सीनेशन में जिला हमीरपुर ने पार किया 1000 का आंकड़ा

हमीरपुर ।

सर्विकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) से बचाव हेतु आरंभ किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान में जिला हमीरपुर लगातार पहले नंबर पर चल रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी ने बताया कि जिला ने टीकाकरण में एक हजार का आंकड़ा पार कर लिया है। उन्होंने बताया कि जिले भर के 32 अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों के टीकाकरण के लिए 2899 लड़कियों के टीकाकरण का लक्ष्य तय किया गया है और अभी तक इन केंद्रों में 1006 लड़कियों को यह वैक्सीन लगाई जा चुकी है। यानि जिला में अभी तक 34.7 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। स्वास्थ्य खंड बड़सर में 201, भोरंज 194, गलोड़ 172, नादौन 124, टौणी देवी 155, स्वास्थ्य खंड सुजानपुर में 111 और मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर में 49 लड़कियों की वैक्सीनेशन की जा चुकी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नाल्टी के अंतर्गत टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। इस उपलब्धि के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नाल्टी की डॉक्टर पूजा कौंडल को विशेष रूप से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है।
डॉ. प्रवीण चौधरी ने बताया कि अब 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियां किसी भी दिन अपने नजदीकी अस्पताल में जाकर एचपीवी का टीका लगवा सकती हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।