माफिया का संरक्षण ममता दीदी की पहचान: अनुराग सिंह ठाकुर

हमीरपुर/पश्चिम बंगाल:

पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतर्गत दमदम विधानसभा में आयोजित विशाल जनसभा और रोड शो को संबोधित करते हुए कहा कि ममता दीदी भारत के इतिहास की इकलौती ऐसी मुख्यमंत्री हैं जो बांग्लादेशी घुसपैठियों, गौतस्करों, नकली करेंसी और फर्जी आधार कार्ड बनाने वालों को संरक्षण देती हैं। उन्होंने कहा कि चार मई आएगी और ममता सरकार जाएगी।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आज बंगाल बदलाव चाहता है। एक भयमुक्त और सुशासन युक्त सरकार हर बंगाली मानुष की प्राथमिकता है। भाजपा कार्यकर्ता पूरे बंगाल में सड़कों पर पसीना बहा रहे हैं ताकि टीएमसी अब और खूनी खेल न खेल सके। उन्होंने कहा कि ममता सरकार के आतंक से मुक्ति पाने के लिए जनता भाजपा के साथ आने को तैयार है और आम जनमानस ने सरकार को उखाड़ने का मन बना लिया है।

उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद जनता के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा। महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 3 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। राज्य में आयुष्मान योजना लागू की जाएगी जिससे लोगों को इलाज में राहत मिलेगी। छह महीने के भीतर समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। बेरोजगार युवाओं को हर महीने 3 हजार रुपये का भत्ता दिया जाएगा। गौ तस्करी रोकने के लिए सीमाओं को सख्ती से नियंत्रित किया जाएगा। 75 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। गर्भवती महिलाओं को 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी तथा राज्य की बसों में महिलाओं का सफर मुफ्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये सभी कदम सोनार बंग्ला के निर्माण में महत्वपूर्ण सिद्ध होंगे।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि टीएमसी भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और अहंकार की सारी सीमाएं पार कर चुकी है। इस पार्टी ने बंगाल को अपराधियों और लुटेरों की जागीर बना दिया है, जहां बड़े अपराधियों को बड़े पद और टिकट दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि टीएमसी शासन में बेटियां स्कूल-कॉलेज तक में सुरक्षित नहीं हैं और पीड़ितों को न्याय के लिए बार-बार अदालतों के चक्कर काटने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि कम्युनिस्ट और टीएमसी दोनों ने पिछले पांच दशकों में बंगाल को कुशासन और दु:शासन दिया है। आज बंगाल को सुशासन की आवश्यकता है और यदि बंगाल को दो दशक का सुशासन मिलता है तो वह देश का सबसे विकसित राज्य बन सकता है। यह सुशासन केवल भाजपा ही दे सकती है।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।