हमीरपुर में मेरा युवा भारत ने मनाई डॉ. बी.आर. अंबेडकर जयंती, दी श्रद्धांजलि*

हमीरपुर
युवा भारत (MY Bharat) हमीरपुर द्वारा सोमवार को संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान डीसी कार्यालय परिसर में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा की स्वयंसेवकों द्वारा साफ-सफाई की गई और माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा शामिल हुए। उन्होंने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और कहा कि बाबा साहेब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। उनके द्वारा दिखाए गए समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त भारत का निर्माण संभव है।
जिला युवा अधिकारी दीपमाला ठाकुर ने बताया कि MY Bharat के स्वयंसेवकों ने जिले के सभी ब्लॉकों में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए।स्वयंसेवकों ने प्रतिमाओं की साफ-सफाई के साथ-साथ डॉ. अंबेडकर के जीवन दर्शन पर चर्चा की और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों, अधिकारियों और युवाओं ने बाबा साहेब के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने तथा समाज में शिक्षा, समानता और भाईचारे को बढ़ावा देने की शपथ ली।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।