नए शैक्षणिक सत्र के साथ हिम अकादमी पब्लिक स्कूल विकास नगर में संस्कृत संभाषण शिविर का शुभारंभ

hamirpur,

हिम अकादमी पब्लिक स्कूल में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 5 दिवसीय
संस्कृत संभाषण शिविर का आज उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ हुआ। इस विशेष शिविर
का संचालन विद्यालय मुख्य अध्यापिका श्रीमती कंचन लखनपाल, विद्यालय कोऑर्डिनेटर
श्रीमती मनीषा मारवाह, संस्कृत भाषा अध्यापक आकर्ष शर्मा एवं आशीष रंजन द्वारा किया
जा रहा है, जिसमें छात्रावासीय विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से देखने को
मिल रही है। शिविर के प्रथम दिवस पर विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा के महत्व, उसकी
वैज्ञानिकता एवं भारतीय संस्कृति में उसके योगदान से अवगत कराया गया। साथ ही, सरल
एवं व्यवहारिक संस्कृत वाक्यों के माध्यम से दैनिक जीवन में संस्कृत बोलने का अभ्यास भी
कराया गया। “भवतः नाम किम्?”, “मम नाम … ”, “भवान् कुत्र गच्छति?” जैसे संवादों का
अभ्यास करते हुए छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्रावासीय विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने
को मिला। अध्यापकों ने गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धति अपनाते हुए खेल, संवाद, समूह-
कार्य तथा रोचक अभ्यासों के माध्यम से छात्रों को संस्कृत बोलने के लिए प्रेरित किया।
इससे विद्यार्थियों में न केवल भाषा के प्रति रुचि बढ़ी, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी सुदृढ़
हुआ। यह 5 दिवसीय शिविर विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा में निपुण बनाने, उनके उच्चारण
को शुद्ध करने तथा उन्हें निर्भीक होकर संस्कृत में संवाद करने के लिए सक्षम बनाने की
दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। आगामी दिनों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों की अभिव्यक्ति क्षमता और भी विकसित हो सके।
विद्यालय प्रशासन ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के नवाचारपूर्ण
प्रयास विद्यार्थियों, विशेषकर छात्रावासीय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत सहायक
सिद्ध होते हैं तथा उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।