डीसी गंधर्वा राठौड़ ने किया सबसे बड़ी निर्माणाधीन पेयजल परियोजना का निरीक्षण,बड़सर क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से ली ताजा स्थिति की जानकारी

बड़सर ।

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को बड़सर क्षेत्र का दौरा करके वहां जारी विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया।
उन्होंने गोविंदसागर झील के पास निर्माणाधीन जल शक्ति विभाग की सबसे बड़ी पेयजल योजना के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और विभाग के अधिकारियों से इसके कार्य की प्रगति की जानकारी ली। एनडीबी की मदद से बनाई जा रही इस पेयजल योजना पर लगभग 137 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
उपायुक्त ने कहा कि इस पेयजल योजना का कार्य युद्ध स्तर पर करवाया जा रहा है। इससे बड़सर क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। इसके बाद उपायुक्त ने दियोटसिद्ध की पेयजल योजना का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को पेयजल की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा दियोटसिद्ध मंदिर परिसर और इसके आसपास के क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय निवासियों और प्रतिदिन बाबा बालक नाथ मंदिर में बाहर से बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो।
इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता हर्ष शर्मा, सहायक अभियंता रविंद्र सिंह और अन्य अधिकारियों ने उपायुक्त को गोविंदसागर से निर्माणाधीन पेयजल योजना और दियोटसिद्ध की पेयजल योजना के बारे में विस्तृत रिपोर्ट दी।

बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 24 को हमीरपुर 17 अक्तूबर। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए, हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 24 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 2 बजे तक उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 56 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा प्रतिदिन 8 से 12 घंटे तक ड्यूटी करने पर उन्हें 18,500 रुपये से लेकर 24 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन्हें हिमाचल प्रदेश या चंडीगढ़ में नियुक्त किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है। भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।